नई दिल्ली। सीएम अरविंद केजरीवाल को जेल भेजने का जवाब वोट से देने की अपील के साथ शनिवार को उनकी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल का दिल्ली में पहला रोड शो हुआ। सुनीता केजरीवाल ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से प्रत्याशी कुलदीप कुमार के समर्थन में कल्याणपुरी में विशाल रोड शो किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं-समर्थकों में जबरदस्त जोश और जूनून देखने को मिला। उनके हाथों में पार्टी का झंडा, सीएम केजरीवाल का कटआउट और ‘जेल का जवाब वोट से’ लिखी तख्तियां थी।
रोड शो के दौरान पांच प्वाइंट संविधान बचाओ, महिलाओं के लिए पिंक टिकट, तीर्थयात्रा, शिक्षा क्रांति और अनाधिकृत कॉलोनी बनाए गए थे, जहां मौजूद लोगों ने न सिर्फ सुनीता केजरीवाल का स्वागत किया, बल्कि उनका धन्यवाद भी किया कि केजरीवाल सरकार की वजह से उन्हें यह सारी सुविधाएं मिल पाईं। इस दौरान सुनीता केजीवाल ने दिल्लीवालों से कहा कि इन लोगों ने बिना आरोप साबित हुए जबरदस्ती अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल रखा है। आज भारत मां की यह बेटी आपसे विनती करती है। आप अपने वोट की ताकत से इस देश से तानाशाही को हटा दो और लोकतंत्र को बचा लो।
कल्याणपुरी में विशाल रोड शो के दौरान सुनीता केजरीवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को इन लोगों ने महीने भर से जबरदस्ती जेल में डाल रखा है। अभी तक किसी कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को दोषी नहीं माना है। ये लोग कह रहे हैं कि जांच चल रही है। क्या यह जांच 10 साल चलेगी तो ये लोग अरविंद केजरीवाल को 10 साल जेल में रखेंगे। इससे पहले कोई तब जेल जाता था, जब अदालत उसे दोषी ठहरा देती थी। अभी इन्होंने एक नया सिस्टम निकाला है। ये कहते हैं कि जब तक जांच चलेगी, तब तक जेल मंें रहना पड़ेगा। यह तो इनकी सरासर गुंडगर्दी, तानाशाही है। अरविंद केजरीवाल को पिछले 22 साल से शुगर है और 12 साल से 50 यूनिट रोजाना इंसुलिन ले रहे हैं। जेल में इन्होंने अरविंद केजरीवाल की इंसुलिन बंद कर दी। उनका शुगर लेवल 300 के उपर पहुंच गया। ऐसे तो अरविंद केजरीवाल की किडनी और लीवर खराब हो जाएगा। क्या ये लोग उनको जान से मारना चाहते हैं।
सुनीता केजरीवाल ने कहा कि मैं जानती हूं कि दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल से बहुत प्यार करती है। यही बात इन लोगों को खटकती है कि दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल को इतना प्यार क्यों करते हैं? अरविंद केजरीवाल का क्या कसूर है? क्या उनका यह कसूर है कि उन्होंने दिल्ली में बिजली फ्री कर दी। पहले रोज लंबे-लंबे पावर कट लगते थे। अब दिल्ली में कोई पावर कट नहीं लगता है और 24 घंटे बिजली आती है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालों के बच्चों के लिए शानदार स्कूल बनवाए। आपके लिए मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल बनवाए, महिलाओं के लिए में सफर फ्री किया और अब महिलाओं को हर महीने हजार रुपए भी देंगे। इसीलिए इन्होंने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने दिल्लीवालों से कहा कि आपके मुख्यमंत्री शेर हैं, उन्हें कोई झुका नहीं सकता और तोड़ नहीं सकता। अरविंद केजरीवाल भारत मां के सच्चे लाल हैं। आज भारत मां की यह बेटी आपसे विनती करती है, इस देश को बचा लो। भारत मां को बचा लो। यह देश तानाशाही की ओर जा रहा है। भारत मां को तानाशाही से बचा लो। आप लोग अपनी वोट की ताकत को समझो और 25 मई को सभी लोग वोट देने जरूर जाएं। अपने वोट सही इस्तेमाल कर इन लोगों से अपने लोकतंत्र को बचाएंगे और तानाशाही को हटाएं। हम सब मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे। इस बार जेल का जवाब वोट से देंगे।

Perfect Khabar is a Leading Hindi News Paper and web portal,.It's Publish From Delhi