लवली ने ढोल नगाड़ों के बीच संभाला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पदभार

नई दिल्ली। दिल्ली कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने गुरुवार को हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पद संभाल लिया।
कार्यभार संभालने के बाद अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना है और संगठन को मजबूत करने की दिशा में यह पहला कदम है। उन्होंने कहा कि यहां पांच साल बाद पहली बार कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ता एक साथ मंच पर थे और सब में इतना जोश था। हमारा आधा काम तो वैसे ही हो गया। हम सब मिलजुल कर काम करेंगे। मैं अपने नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को कुछ देने के लिए अध्यक्ष बना हूं। कांग्रेस के पास किसी भी अन्य पार्टी की तुलना में अधिक सक्षम नेतृत्व है। उधर, इससे पहले सैकड़ों की संख्या में लोग टोलियों में हाथों में तिरंगे झंडे लेकर ढोल नगाड़ों के साथ राजीव भवन पहुचने शुरु हो गए थे। आईटीओ चौक से मिंटो ब्रिज व रामलीला मैदान तक निजी वाहनों की भीड़ के चलते लोग पैदल ही प्रदेश कार्यालय पहुचे। सैंकड़ों की संख्या में दिल्ली की दूर दराज के क्षेत्रों से लोग मेट्रो से कांग्रेस की टोपी लगाकर इस आयोजन में पहुचे। महिलाओं, नौजवानों व अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने भारी संख्या में शिरकत की।
आम कार्यकर्ताओं का यह कहना था कि यह जनसभा नहीं बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मेला है। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश व उत्साह को देखते हुए यह झलक रहा था कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी दिल्ली में जनहित के हर मुद्दे पर जोरदार तरीके से हमलावर रहेगी। उत्साहित कार्यकर्ता राहुल गांधी जिंदाबाद, प्रियंका गांधी जिंदाबाद, अरविंदर सिंह लवली जिंदाबाद आदि नारे लगा रहे थे। पूरे नई दिल्ली क्षेत्र को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग व पोस्टरों से पाट दिया था। इस मौके पर अरविंदर सिंह लवली सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि वो दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों मे बूथ स्तर तक न केवल संगठन को मजबूत करें बल्कि दिल्ली की आम जनता की समस्याओं के साथ पूरी तरह सरोकार रखकर, उनके समाधान के लिए प्रयास भी जारी रखें और जरुरत पड़ने पर अपने अपने क्षेत्रों में जनहित के मुद्दे पर आंदोलन चलाने से पीछे न हटे। लवली ने आक्रामक अंदाज में कहा कि दिल्ली कांग्रेस साम्प्रदायिक शक्तियों व दिल्ली में जनहित के मुद्दों के लिए अपनी लड़ाई आक्रामक रुप से लड़ेगी। लवली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का सभी धर्मों में बराबर का विश्वास है। हमारी प्राथमिकता धर्मनिरपेक्षता की रक्षा व जनता की सेवा करना है। इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन, सुभाष चौपड़ा, जय प्रकाश अग्रवाल, चौ. अनिल कुमार के अलावा कांग्रेस कार्यसमित के सदस्य मनीष चतरथ, देवेन्द्र यादव के अलावा पूर्व सांसद कृष्णा तीरथ,संदीप दीक्षित, परवेज हाश्मी, राजेश लिलौठिया, हारुन यूसूफ, राजकुमार चौहान, पूर्व विधायक जयकिशन, कांग्रेस प्रवक्ता रागिणी नायक में सम्बोधित किया व पूर्व सांसद रमेश कुमार व उदित राज, पवन खेड़ा, मुकेश शर्मा और अल्का लांबा आदि लोग मौजूद रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.