लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा देने वाली भाजपा को 150 सीटें भी नहीं मिलेंगी: राहुल गांधी

संविधान खत्म कर आरक्षण छीनने के लिए भाजपा ने दिया 400 पार का नारा

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि भाजपा के लोग संविधान खत्म कर दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों से आरक्षण छीनना चाहते हैं। इसलिए भाजपा ने लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा दिया है, मगर भाजपा को 150 सीट भी नहीं मिलने वाली हैं।

मध्य प्रदेश के रतलाम और खरगोन में विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी और आरएसएस संविधान को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा और नरेंद्र मोदी का अंतिम लक्ष्य वंचितों का आरक्षण छीन उसे शून्य प्रतिशत करना है। भाजपा नेताओं ने साफ कहा है कि भाजपा की सरकार बनते ही वे दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों से आरक्षण छीन लेंगे। लेकिन कांग्रेस आरक्षण को कभी खत्म नहीं होने देगी। कांग्रेस केंद्र में सरकार में आने पर आरक्षण पर लगी 50 प्रतिशत की लिमिट भी हटाने जा रही है।

जनता की उमड़ी भारी भीड़ के बीच आदिवासियों के मुद्दे उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों को जमीन अधिग्रहण बिल, वन अधिकार अधिनियम, पेसा कानून दिया। कांग्रेस जो भी करती है, जनता के हक के लिए करती है। लेकिन जैसे ही भाजपा की सरकार आती है, वह उल्टा कर देती है। अडानी जैसे लोगों की नजर आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन पर है। मोदी, अपने मित्र अडानी को जल-जंगल-जमीन सौंप देना चाहते हैं। नरेंद्र मोदी ने पहले ही हिंदुस्तान के एयरपोर्ट, पावर स्टेशन, पोर्ट, इन्फ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस सेक्टर सबकुछ अडानी जैसे लोगों को दे दिया है।

भागीदारी का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि आज देश की 200 बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट में कोई भी दलित, पिछड़े और आदिवासी वर्ग का नहीं है। इसलिए कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर जातिगत जनगणना कराई जाएगी, जिससे देश में इन वर्गों की भागीदारी तय हो सके।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरबपतियों को पैसा दिया, उनका कर्ज माफ किया। इसलिए कांग्रेस ने मन बना लिया है कि अगर मोदी अरबपतियों को पैसा दे सकते हैं तो कांग्रेस दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और गरीब सामान्य वर्ग को पैसा दे सकती है। नरेंद्र मोदी ने चंद लोगों को अरबपति बनाया है, कांग्रेस करोड़ों लखपति बनाने जा रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर हर गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रुपये दिए जाएंगे। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा और उनका कर्ज माफ होगा। कांग्रेस का वादा है कि मनरेगा मजदूरों को 400 रुपये दैनिक मजदूरी दी जाएगी, आशा-आंगनवाड़ी की महिलाओं की आमदनी दोगुनी होगी। इस दौरान उन्होंने जनता से कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.