दिल्ली विधानसभा के पूर्व स्पीकर योगानंद शास्त्री कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के बीच दिल्ली में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को दिल्ली के वरिष्ठ नेता योगानंद शास्त्री ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।

दिग्गज नेताओं में शुमार योगानंद शास्त्री दिल्ली में तीन बार विधायक, मंत्री और स्पीकर रहे हैं। करीब दो वर्ष से योगानंद शास्त्री एनसीपी दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष थे।

नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में दिल्ली कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया और कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने उन्हें कांग्रेस में शामिल कराया। इस दौरान पत्रकार वार्ता में दीपक बाबरिया ने कहा कि योगानंद शास्त्री की बातें देश के हर युवा को प्रेरणा देती हैं। राजनीति में इनके जैसा व्यक्तित्व मिलना काफी मुश्किल है। कांग्रेस पार्टी को उनकी उपस्थिति से काफी ताकत मिलेगी।

वहीं देवेंद्र यादव ने कहा कि आज बहुत खुशी का दिन है, क्योंकि योगानंद शास्त्री कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने हमेशा दिल्ली की जनता की सेवा की है। उनका ऐसा व्यक्तित्व रहा है, जिन्हें लोग सम्मान की नजर से देखते हैं। वह योगानंद शास्त्री का कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.