लोकसभा चुनाव भारत के लिए ‘न्याय का द्वार’ खोलेगा, हाथ बदलेगा हालात: खरगे 

कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार, जनता को कांग्रेस की पांच न्याय की गारंटियों पर पूरा भरोसा: खेड़ा

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद कांग्रेस ने कहा कि लोकसभा चुनाव भारत के लिए न्याय का द्वार खोलेगा। कांग्रेस पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। देश की जनता को कांग्रेस की लोकसभा चुनाव के लिए दी गई पांच न्याय की गारंटियों पर पूरा भरोसा है।

एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव भारत के लिए ‘न्याय का द्वार’ खोलेगा। लोकतंत्र एवं संविधान को तानाशाही से बचाने का शायद ये आखिरी मौका होगा। ‘हम भारत के लोग’ साथ मिलकर नफरत, लूट, बेरोजगारी, महंगाई व अत्याचार के खिलाफ लड़ेंगे। हाथ बदलेगा हालात।

वहीं नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए कांग्रेस मीडिया एवं पब्लिसिटी के चेयरमैन पवन खेड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। चुनाव आयोग ने आम चुनाव की घोषणा कर दी है, लेकिन यह चुनाव आम नहीं है। यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। इस चुनाव में फैसला होगा कि यह देश और हमारा लोकतंत्र, मजदूर, किसान, मध्यमवर्गीय लोगों के कंधे पर चलेगा या चुनिंदा पूंजीपतियों के कंधे पर चलेगा। इससे तय होगा कि देश बाबा साहेब के संविधान पर चलेगा या एक तानाशाह के गुणगान पर चलेगा। यह चुनाव बेहद खास है। इसमें सिर्फ वोट ही नहीं, तानाशाही और अहंकार पर चोट भी पड़ेगी।

खेड़ा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में संविधान और लोकतंत्र की ऐसी कोई मर्यादा नहीं बची है, जिसे भाजपा सरकार ने तार-तार न किया हो। ईडी, सीबीआई के माध्यम से विपक्ष की आवाज कुचली गई, बेरोजगारों पर लाठियां बरसाईं गईं। फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की जायज मांग करते हुए 750 किसान शहीद हुए। किसानों को दिल्ली में आने से रोका जा रहा है। महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। मणिपुर से लेकर और महाराष्ट्र तक देश में ऐसा कोई वर्ग नहीं बचा जिसके ऊपर अत्याचार नहीं हुआ। मणिपुर हिंसा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंह से एक शब्द नहीं निकला।

इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाले को लेकर खेड़ा ने कहा कि भाजपा की ‘चंदा दो और धंधा लो’ नीति पूरे देश के सामने बेनकाब हो चुकी है। कई वर्षों से इन आकंड़ों को छिपाया जा रहा था कि यह सबके सामने न आए। लेकिन हम सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद देते हैं, जो लोकतंत्र की ढाल बनकर खड़ा रहा और आंकड़ों को सार्वजनिक करवाया। चंद एजेंसियों ने लोकतंत्र को एक लालची तानाशाह का गुलाम बना दिया है। चंदे का पैसा हफ्ता वसूली का पैसा है।

खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निर्देश के अनुसार यात्रा निकाली। उन्होंने लगातार सड़क से संसद तक देश के नौजवानों, किसानों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों, शोषितों के हितों के लिए संघर्ष किया। भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी देश के कोने-कोने तक गए, जनमानस की भावनाओं और समस्याओं को समझा। बीते दस वर्षों में राहुल गांधी द्वारा जीएसटी, नोटबंदी, कोरोना, इलेक्टोरल बॉन्ड पर कही बात सच साबित हुई।

खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी ने गिनती करो का एक नारा दिया है। इस नारे ने देश की राजनीति की दिशा बदल दी है। युवाओं को पहली नौकरी पक्की और 30 लाख खाली पड़े सरकारी पदों को भरने की गारंटी राजनीति को बदलने की दिशा में मजबूत कदम है। फसलों पर एमएसपी की क़ानूनी गारंटी देने की भी घोषणा कांग्रेस ने दी है। बीते 10 वर्षों में कांग्रेस ने जिन राज्यों में गारंटी दी है, उन्हें पूरा कर दिखाया है। इसलिए जनता को कांग्रेस की लोकसभा चुनाव के लिए दी गई पांच न्याय की गारंटियों पर पूरा भरोसा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.