केजरीवाल की गारंटी, दिल्ली बनेगी नंबर वन शहर

- दिल्लीवालों को मुख्यमंत्री ने दी 10 गारंटी, साफ-सफाई, भ्रष्टाचार मुक्त निगम पर जोर

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने दिल्लीवालों को केजरीवाल की 10 गारंटी दी है। इसके सहारे दिल्ली को दुनिया का नंबर वन शहर बनाने का दावा किया गया है। इसमें कूड़ा मुक्त दिल्ली व भ्रष्टाचार मुक्त निगम पर है। वहीं सड़कों व गलियों को अत्याधुनिक बनाने, निगम के स्कूलों व अस्पतालों का पुनर्विकास करने, पार्किंग व आवारा पशुओं की समस्या को खत्म करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, रेहड़ी-पटरी वालों की समस्या खत्म करना शामिल हैं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में 10 गारंटी को लांच करते हुए कहा कि दुनिया के विश्व स्तरीय शहरों में दिल्ली को नंबर वन शहर बनाने के उद्देश्य से एमसीडी में गारंटी की घोषणा की। लंदन, पेरिस की तरह दिल्ली से भी कूड़े के पहाड़ खत्म कर देंगे। निगम के स्कूल, अस्पताल, डिस्पेंसरी को दिल्ली सरकार की तरह विश्वस्तरीय बनाएंगे। वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों में दिल्ली वालों के साथ केवल धोखा किया है। पिछले चुनाव में उन्होंने जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं कर पाई। पिछले चुनाव में भाजपा ने दावा किया था कि वह केंद्र से सीधा पैसा लाएंगे, लेकिन पूरे पांच साल पैसे का रोना रोते रहें। ‌ऐसा पहली बार हुआ जब केंद्र सरकार आकर कह रही है कि राज्य सरकार हमको पैसे नहीं देती। लेकिन हम वादा करते हैं कि अगले निगम चुनाव से पहले अपनी गारंटी को पूर कर देंगे।
यह हैं दस गारंटी
1. दिल्ली को सुंदर बनाना, दिल्ली के तीनों तरफ खड़े कूड़े के पहाड़ को खत्म करना
2. एमसीडी को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना, नियमों को सरल बनाकर ऑनलाइन सुविधा देना
3. दिल्ली में पार्किंग की समस्या का निकाला जाएगा स्थायी व व्यावहारिक समाधान
4. लावारिस पशुओं से मुक्ति दिलाएंगे।
5. फिर से बनाई जाएगी निगम की सभी सड़क-गलियां
6. शानदार बनाए जाएंगे निगम के स्कूल, अस्पताल व डिस्पेंसरी
7. दिल्ली बनेगी पार्कों की नगरी, शानदार बनेंगे दिल्ली के सभी पार्क,
8. सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा।
9. व्यापारियों की समस्या होगी दूर, खत्म होगा इंस्पेक्टर राज
10. रेहड़ी-पटरी वालों की समस्या होगी दूर, बनेंगे वेंडिंगजोन
20 सीट में सिमट जाएगी भाजपा
केजरीवाल ने दावा किया कि निगम चुनाव में भाजपा 20 सीट पर सिमट जाएगी। भाजपा ने निगम चुनाव में हार के डर के कारण गुजरात और निगम चुनाव को एक साथ करवाया, ताकि आप के कार्यकर्ता उलझ जाए। उन्होंने कहा कि हम मुफ्त बिजली 24 घंटे दे रहे हैं। हम स्कूल ठीक करते हैं। हम अस्पताल ठीक करते हैं।
भाजपा पर लगाया काम रोकने का आरोप
भाजपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उन्होंने दिल्ली के विकास को रोकने के लिए दिल्ली के काम में बाधा डाला। दिल्ली में चलती हुई योग की क्लास, घर-घर राशन योजना, ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ कैंपेन को बंद करवा दिया।
Leave A Reply

Your email address will not be published.