सीएम अरविंद केजरीवाल ने नए साल पर दिल्लीवालों को दिया 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा

-प्रदूषण कम करने में भी मिलेगी मदद

आसिफ खान
नई दिल्ली। सीएम अरविंद केजरीवाल ने नए साल पर आज दिल्लीवालों को 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक एसी बसों का तोहफा दिया। इन बसों से प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। राजघाट डीटीसी डिपो से सीएम अरविंद केजरीवाल ने हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना किया। ये बसें सात रूटों पर चलाई जाएंगी। सभी बसों में जीपीएस, सीसीटीवी, व्हील चेयर की सुविधा के साथ महिलाओं के लिए पिंक सीट, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए सीट उपलब्ध है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली में प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन के नए युग में दिल्लीवासियों का स्वागत करता हूं। सार्वजनिक परिवहन के बेड़े में 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें शामिल जा रही हैं और अब दिल्ली में 300 इलेक्ट्रिक बसें हो गई हैं। वर्तमान में दिल्ली की सड़कों पर कुल 7379 बसें दौड़ रही हैं, जो अब तक की सबसे अधिक बसों की संख्या है। सीएम ने कहा कि हम डीएमआरसी की 100 इलेक्ट्रिक बसों को भी टेकओवर कर रहे हैं और अब दिल्ली सरकार ही डीएमआरसी की फीडर बसें चलाएगी। दिसंबर 2023 तक दिल्ली के पास 2280 इलेक्ट्रिक बसें हो जाएंगी और 2025 तक 6380 और ई-बसें खरीदी जाएंगी। जिसके बाद दिल्ली में कुल 10480 बसें हो जाएंगी, जिसमें 8280 इलेक्ट्रिक बसें होंगी, जो कुल बस बेड़े का 80 फीसद है।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज राजघाट डीटीसी डिपो से 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत और दिल्ली परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। यह सभी इलेक्ट्रिक बसें रोहिणी सेक्टर 37 स्थित बस डिपो में ठहरेंगी और दिल्ली के सात अलग-अलग रूटों पर चलाई जाएंगी। यह 12 मीटर लंबी लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें हैं। इन बसों में यात्रियों की सुविधा का विशेष ख्याल रखा गया है। बस में जीपीएस, सीसीटीवी, व्हील चेयर, महिलाओं के लिए 25 फीसद पिंक सीट व वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीट है। नेत्रहीन लोगों के लिए विशेष सुविधा के साथ दिव्यांगजनों के लिए हर बस में 4 सीट है।
हमने बहुत कम समय में 300 लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें अधिग्रहित कर ली: अरविंद केजरीवाल
आधुनिक सुरक्षा मानकों से लैस इन 50 लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के उपरांत सीएम अरविंद केजरीवाल ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैं दिल्ली में प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन के नए युग में दिल्लीवासियों का स्वागत करता हूं। आज बहुत खुशी का दिन है कि 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली की जनता के लिए सड़कों पर उपलब्ध होने जा रही हैं। अब दिल्ली के अंदर 300 इलेक्ट्रिक लो फ्लोर बसें हो गई हैं। बहुत कम समय में ही हम लोगों ने इतनी सारी इलेक्ट्रिक बसें अधिग्रहित कर ली हैं। इसके लिए मैं सभी अधिकारियों के साथ दिल्ली के लोगों को बधाई देना चाहता हूं कि यह सुविधा उनके उपलब्ध हो रही हैं। दिल्ली में अब कुल 7379 बसे हो गई हैं। दिल्ली की सड़कों पर अब तक की सबसे ज्यादा बसे हैं। अभी तक कभी भी दिल्ली की सड़कों पर इतनी बसें नहीं थी। बीच में कई सालों तक दिल्ली में नई बसें खरीदी नहीं गई थी। मुझे याद है कि हमें भी कहा गया कि इतने साल हो गए और बसे नहीं खरीदी गई हैं। एक कहावत है कि भगवान जब देता है तो छप्पर फाड़ कर देता है। वैसे ही, दिल्ली सरकार जब काम करना शुरू करती है तो छप्पर फाड़ कर काम करना शुरू करती है। दिल्ली सरकार ने एक बार जब बसें खरीदना शुरू किया तो अब खूब सारी बसें एक साथ खरीदी जा रही हैं। कुल 7379 बसों में से 4060 से डीटीसी के अंतर्गत है और क्लस्टर में 3319 बसें डीआईएमटीएस के तहत संचालित की जा रही हैं।
बॉक्स
परिवहन विभाग के बेड़े में अब 7379 बसें हो गई हैं: कैलाश गहलोत
इस अवसर पर दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा, यह नए  की एक शानदार शुरुआत है। दिल्ली सरकार ने आज परिवहन विभाग के बेड़े में 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने के साथ ही अब शून्य प्रदूषण वाली 300 इलेक्ट्रिक बसों को सड़क पर उतारने का पहला चरण पूरा कर लिया है। . मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार, शहर भर में हरित, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही अब परिवहन विभाग के बेड़े में 7379 बसें शामिल हो गई हैं, जो अभी तक बेड़े में शामिल सबसे अधिक बसों की संख्या है। वहीं, 2025 के अंत तक बस बेड़े का आकार 10,480 हो जाएगा, जिसमें 8,280 इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी। यानी कुल बेड़े के आकार का लगभग 80 फीसद इलेक्ट्रिक बसें हो जाएंगी।
Leave A Reply

Your email address will not be published.