खरगे बोले- सबका साथ, सबका विकास का नारा देने वाले मोदी ने सबका सत्यानाश किया  

-पीएम मोदी विपक्ष को ईडी, सीबीआई, आईटी से डराकर राज करना चाहते हैं   

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को दिल्ली के ‘न्याय संकल्प सम्मेलन’ में मोदी सरकार पर जमकर बरसे। दिल्ली कांग्रेस द्वारा गीता कालोनी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष ने महंगाई, बेरोजगारी, जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का जिक्र करते हुए मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास का नारा देने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने सबका सत्यानाश कर दिया है।
जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ के बीच मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में न्याय के पांच स्तंभ लेकर निकले हैं। राहुल गांधी जनता के हक के लिए लड़ रहे हैं। ऐसा कदम कभी किसी पार्टी के नेता ने नहीं उठाया। ये संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है, अगर आप इसमें असफल हुए तो आप हमेशा के लिए मोदी के गुलाम बन जाओगे। हर वर्ग को तकलीफ होगी।
खरगे ने कहा कि आज हर अख़बार में मोदी की गारंटी के नाम से विज्ञापन छपता है। हर साल दो करोड़ नौकरियां देने और लोगों के खाते में 15-15 लाख रुपये देने के मोदी सरकार के चुनावी वायदों की याद दिलाते हुए खरगे ने कहा कि मोदी ने ये वायदे पूरे नहीं किए, बल्कि युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को धोखा देने का काम किया। पीएम मोदी झूठों के सरदार हैं। वहीं कांग्रेस ने जो भी वादा किया, उसे पूरा करके दिखाया। दिल्ली में हुआ विकास भी कांग्रेस की देन है। सोनिया गांधी जी के समर्थन से शीला दीक्षित जी ने दिल्ली का विकास किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी से युवा परेशान हैं। देश के सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली हैं। पीएम मोदी नौकरियां इसलिए नहीं दे रहे हैं, क्योंकि इसमें आरक्षण से एससी-एसटी और ओबीसी के लोग आएंगे। आज हर घंटे एक किसान और दो नौजवान आत्महत्या कर रहे हैं। आम आदमी पर टैक्स और जीएसटी का भारी बोझ है। मोदी सरकार अमीरों को करोड़ों रुपये कर्ज दे रही है, लेकिन किसानों को देने के लिए पैसा नहीं हैं। इन्होंने छोटे व्यापारियों को मदद का भरोसा दिया, लेकिन कर्ज केवल भाजपा-आरएसएस के लोगों को दिया। कांग्रेस ने जो बनाया, भाजपा उसे बेच रही है। मोदी जी का सबका साथ, सबका विकास का नारा था, लेकिन उन्होंने सबका सत्यानाश कर दिया है।
खरगे ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भाजपा सिर्फ देश के लोगों की भावनाओं के साथ खेलती रही। भाजपा की नीति जनता को बांटो और राज करो की है। भाजपा भगवान को भी वोट बैंक के लिए इस्तेमाल कर रही है। सत्ता में अगर ऐसे लोग बैठेंगे, तो देश बर्बाद हो जाएगा।
जांच एजेंसियों के दुरुपयोग पर खरगे ने कहा कि आज अगर कोई अन्याय के विरुद्ध लड़ता है तो एफआईआर हो जाती है। पीएम मोदी विपक्ष को ईडी, सीबीआई, आईटी से डराकर राज करना चाहते हैं। अगर सांसद, विधायक विपक्ष के हैं तो वह कलंकित होते हैं, लेकिन अगर वो भाजपा में शामिल हो जाएं तो वह साफ हो जाते हैं।
नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में भाजपा ने मुख्यमंत्री को अपनी तरफ खींच लिया। बिहार में वो बहुत समाजवाद की बातें करते थे। अब वो पलटू राम, पलटू कुमार हो गए हैं। झारखंड में भी हमारे विधायकों को तोड़ने का प्रयास किया गया।मोदी मुंह पर राम, बगल में छुरी लेकर चलते हैं और सबको काटते फिरते हैं। मोदी जी के दिमाग में डर है, तभी वह डराते रहते हैं।
खरगे ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर हम दिल्ली जीतेंगे तो पूरा देश जीतेंगे। ऐसी जनविरोधी सरकार और प्रधानमंत्री को हटाना होगा, इसके लिए हमें संकल्प लेना होगा।
कांग्रेस दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में मंच का संचालन पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक मुकेश शर्मा कर रहे थे। सम्मेलन को खडग़े के अलावा अरविंदर सिंह लवली, पार्टी के दिल्ली  प्रभारी दीपक बाबरिया, अजय माकन, सुभाष चौपड़ा, देवेन्द्र यादव, अल्का लांबा, हारुन यूसुफ, कृष्णा तीरथ, मनीष चतरथ, डॉ. उदित राज, संदीप दीक्षित, परवेज हाश्मी, गुरदीप सिंह सप्पल, रमेश कुमार, आदि ने संबोधित किया।
Leave A Reply

Your email address will not be published.