दिल्ली के रामलीला मैदान से गरजे इंडिया गठबंधन के नेता

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन लोकतंत्र बचाओ रैली कर अपना दम दिखाया। लोकसभा चुनाव से पहले की गई इस महारैली को विपक्ष शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। इंडिया गठबंधन की इस महारैली में भारी संख्या में लोगों का हुजूम पहुंचा। कांग्रेस दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय के नेतृत्व में अधिक से अधिक संख्या में लोगों ने पहुंचकर महारैली को सफल बनाने में योगदान दिया। यह महारैली दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की पृष्ठभूमि में आयोजित की गई। इस रैली में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), टीएमसी, नेशनल कांफ्रेंस, एनसीपी, सपा, आरजेडी, शिवसेना, समेत करीब 28 पार्टियों के वरिष्ठ नेता हिस्सा लिया। केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी ने इस महारैली में हिस्सा लिया और मंच से अरविंद केजरीवाल का संदेश भी पढ़ा। विपक्ष की इस महारैली में दिल्ली-झारखंड के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी और कांग्रेस के बैंक खाते सीज किए जाने जैसे मुद्दों को उठाया गया। महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तानाशाही के विचार में विश्वास करने का आरोप लगाया और दावा किया कि जब तक प्रधानमंत्री मोदी और उनकी विचारधारा को सत्ता से नहीं हटाया जाएगा, तब तक देश में सुख और समृद्धि नहीं आ सकती। उन्होंने यहां इंडिया गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ महारैली में यह भी कहा कि संविधान बचाने और लोकसभा चुनाव में जीत के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर लडऩा है। इस रैली में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शरद पवार समेत विपक्ष के कई प्रमुख नेता मौजूद थे। खडग़े ने आरोप लगाया, मोदी लोकतंत्र नहीं चाहते। वह तानाशाही के विचार वाले हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री और भाजपा के कुछ अन्य नेताओं से एक कार्यक्रम में मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि मुझसे जेपी नड्डा ने पूछा कि आपका चुनाव प्रचार कबसे शुरू हो रहा है, सूची जारी कब कर रहे हैं। मैंने कहा है कि चुनाव निष्पक्ष नहीं हो रहे, क्योंकि हमारे खाते से पैसे चोरी हो गए हैं। खडग़े ने दावा किया कि कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज किया गया, ताकि वह चुनाव नहीं लड़ सके। उन्होंने लोगों का आह्वान किया, जब तक हम मोदी को नहीं हटाएंगे, मोदी के विचारधारा को नहीं हटाएंगे, तब तक देश में सुख और समृद्धि नहीं आएगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संविधान है, तो आरक्षण है। संविधान है, तो मौलिक अधिकार मिलेंगे। संविधान नहीं है, तो कुछ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा जैसी पार्टी संविधान बनाती, तो महिलाओं को मतदान का अधिकार नहीं मिलता। खडग़े ने दावा किया, आरएसएस जहर की तरह है। अगर आप इसको चाटकर देखेंगे तो भी मरेंगे, पीएंगे तो भी मरेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए सबको एकजुट होना पड़ेगा।
संविधान हिंदुस्तान के दिल की धडक़न : राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस लोकसभा चुनाव में मैच फिक्सिंग की कोशिश कर रहे हैं, ताकि भारी बहुमत से चुनाव जीतकर संविधान खत्म किया जा सके। गांधी ने इंडिया गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ महारैली में लोगों का आह्वान किया कि वे इस मैच फिक्सिंग को रोकने के लिए पूरी ताकत से मतदान करें, क्योंकि यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। राहुल गांधी ने क्रिकेट की मैच फिक्सिंग का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया, नरेन्द्र मोदी इस चुनाव में मैच फिक्सिंग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बिना मैच फिक्सिंग, बिना ईवीएम (छेड़छाड़) और सोशल मीडिया और प्रेस पर दबाव डाले बिना 180 पार नहीं होने जा रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है। चुनाव के बीच में ही सबसे बड़े विपक्षी दल के खाते फ्रीज कर दिए।  उन्होंने दावा किया, धमकाया जाता है, सरकारों को गिराया जाता है, नेताओं को जेल में डाल दिया जाता है। यह मैच फिक्सिंग नरेन्द्र मोदी और तीन-चार सबसे बड़े अरबपति मिलकर कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि इस मैच फिक्सिंग का एक लक्ष्य है कि संविधान को गरीब जनता से छीना जा सके। उनका कहना था कि जिस दिन यह संविधान खत्म हो गया उस दिन यह हिंदुस्तान नहीं बचेगा। राहुल गांधी ने कहा कि यह संविधान हिंदुस्तान के दिल की धडक़न है, लोगों की आवाज है।ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है भाजपा : अखिलेश यादव
महारैली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी करार देते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पूरी दुनिया में भाजपा की थू-थू हो रही है। उन्होंने इंडिया गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ महारैली में यह सवाल भी किया कि अगर भाजपा को 400 पार में इतना ही भरोसा है, तो वह इतनी घबराहट में क्यों नजर आ रही है? उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पूरी दुनिया में भाजपा की थू-थू हो रही है। यादव ने आरोप लगाया, भाजपा कहती है कि वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। लेकिन सच्चाई यह है कि वह ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है। उन्होंने कहा, अगर भाजपा जांच एजेंसियों को आगे कर रहे हैं, तो 400 पार नहीं, 400 (सीट) हारने जा रहे हैं।  यादव ने कहा, अगर देश बचाना है, तो यह वोट से बचेगा। वोट से ही संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचेगा। वोट से ही 90 प्रतिशत पीडीए  लोग बचेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग स्वागत करते हैं, तो समय आने पर धूमधाम से विदाई भी करते हैं।  राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख पवार ने कहा कि विपक्ष के नेताओं के खिलाफ जिस तरह से कार्रवाई हो रही है, वो देश के लोकतंत्र और संविधान पर हमला है। उन्होंने कहा कि हम लोगों के लिए सोचने का समय आ गया है। केजरीवाल को जेल भेजा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री को जेल भेजा। इससे पहले दिल्ली, पश्विम बंगाल और महाराष्ट्र के कई नेताओं को जेल भेजा गया। यह कार्वाई संविधान पर हमला है।

चाइनीज माल जैसी मोदी की गारंटी : तेजस्वी यादव
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर अघोषित आपातकाल लागू करने का आरोप लगाया और दावा किया कि मोदी की गारंटी चाइनीज माल वाली गारंटी है जो सिर्फ चुनाव तक रहेगी। उन्होंने इंडिया गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ महारैली में 1990 के दशक की फिल्म साजन चले ससुराल के गाने तुम तो धोखेबाज हो का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसा। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तुम तो धोखेबाज हो, वादा करके भूल जाते हो, रोज-रोज मोदी जी ऐसा करोगे, जनता रूठ जाएगी तो हाथ मलोगे।  तेजस्वी यादव ने कहा कि रैली में जुटी भीड़ से पता चलता है कि मोदी जी जिस तरह से आंधी की तरह आए थे, उसी तरह तूफान की तरह चले जाएंगे। हम जहां जा रहे हैं, जनता का साथ मिल रहा है। हम लोकतंत्र, संविधान और भाईचारे को बचाने के लिए एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश को बांटा जा रहा है, भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है। इसलिए हम आपकी लड़ाई लड़ रहे हैं।  यादव ने कहा, लोग 400 पार का नारा लगाते हैं, वे कुछ भी बोल सकते हैं। लेकिन जनता मालिक है और जनता को तय करना है कि कौन शासन करेगा। उन्होंने दावा किया कि 400 पार का नारा ऐसे लगाया जा रहा है कि जैसे ईवीएम में पहले ही सेटिंग हो चुकी है। राजद नेता ने आरोप लगाया, देश में अघोषित आपातकाल लागू हो चुका है। सत्ता में बैठे लोग तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रहे हैं, घमंडी हो गए हैं। देश में सबसे बड़ी दुश्मन बेरोजगारी और महंगाई है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी प्रियंका चोपड़ा से मिलेंगे, किसानों से नहीं मिलेंगे। मोदी जी अब बिल गेट्स को बुलाकर साक्षात्कार दे रहे हैं।

एक व्यक्ति और एक पार्टी की सरकार देश के लिए खतरनाक: ठाकरे
शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को दावा किया कि देश तानाशाही की तरफ बढ़ रहा है तथा एक व्यक्ति और एक पार्टी की सरकार भारत के लिए खतरनाक है। उन्होंने यहां रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ महारैली में लोगों का आह्वान किया कि वे लोकसभा चुनाव में भाजपा को पराजित करें और अबकी बार, भाजपा तड़ीपार का नारा दें। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, कुछ दिन पहले आशंका जताई जा रही थी कि देश तानाशाही की तरफ बढ़ रहा है। अब यह सच्चाई बन गई है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति और एक पार्टी की सरकार देश के लिए खतरनाक है। ठाकरे ने लोगों का आह्वान किया, अब हमें मिलीजुली सरकार लानी होगी।  उनका कहना था, सभी प्रांतों का सम्मान करने वाली सरकार बनाने से ही देश बच सकता है। ठाकरे ने कहा कि हम चुनाव के लिए एकत्र नहीं है, हम लोकतंत्र बचाने के लिए आए हैं। शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख ने कहा, जो सरकार किसानों को आतंकवादी मानती है उसे सत्ता में आने से रोकना होगा। जैसे किसानों को दिल्ली आने से रोका गया उसी तरह भाजपा को भी दिल्ली की सत्ता में आने से रोकना होगा। ठाकरे ने कहा कि मैं आपका आह्वान करता हूं कि तानाशाही के खिलाफ यह नारा देना होगा कि अबकी बार, भाजपा तड़ीपार।

केंद्र की मौजूदा सरकार सबसे भ्रष्ट सरकार: मुफ्ती
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया कि चुनावी बॉण्ड का मामला सबसे बड़ा घोटाला है और केंद्र की मौजूदा सरकार सबसे भ्रष्ट सरकार है। उन्होंने दावा किया कि इस सरकार ने लोकतंत्र को दबाने के लिए जम्मू-कश्मीर को प्रयोगशाला बना दिया है और वहां प्रयोग करने के बाद उसे पूरे देश में लागू करती है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने दावा किया कि सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है तथा चुनावी बॉण्ड से मिले धन का उपयोग विपक्ष को तोडऩे के लिए हो रहा है।

बुरे लोगों के हाथ से वापस लाना होगा अमृत कलश: येचुरी
माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी नेे दावा किया कि देश में कलयुग का अमृतकाल चल रहा है और अब बुरे लोगों के हाथ से अमृत कलश को वापस लाना होगा ताकि इसका इस्तेमाल जनता के हित में हो सके। उन्होंने इंडिया गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ महारैली में यह भी कहा कि अगर देश में बेरोजगारी, महंगाई और भुखमरी से मुक्ति चाहिए तो इसके लिए मौजूदा सरकार से मुक्ति पानी होगी। येचुरी ने समुद्र मंथन का उल्लेख करते हुए दावा किया, यह कलयुग का अमृतकाल है। उस समय समुद्र मंथन में विष का कलश अच्छे लोगों के पास और अमृत का कलश बुरे लोगों के पास गया था। आज भी हमें बुरे लोगों के हाथ से अमृत कलश को वापस लाना है और इसे जनता के हित में इस्तेमाल करना है। उनका कहना था कि देश में वैकल्पिक सरकार का गठन जरूरी है और इसके लिए लोगों को इंडिया गठबंधन को जिताना होगा। जबकि इस रैली में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी. राजा ने कहा कि भाजपा हटाओ, देश बचाओ विपक्षी दलों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। राजा ने कहा कि भारत के लोकतंत्र और देश के भविष्य के लिए यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। अगर देश और लोकतंत्र को बचाना है तो भाजपा को केंद्र की सत्ता से हटाना होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.